क्षेत्रीय
07-May-2022

मध्यप्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में अभी से राजनीति गर्म होती जा रही है। कांग्रेस और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच बयानबाजी की लड़ाई अब पोस्टर पर आ गई है। कांग्रेस नेता सिद्धार्थ सिंह राजावत ने सिंधिया महल जयविलास पैलेस के सामने विवादित पोस्टर लगवाया है। पोस्टर में सिंधिया, कमलनाथ की पीठ में चाकू घोंप रहे हैं। इसी पोस्टर में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राम की मुद्रा में तीर चलाते दिख रहे हैं। दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह लक्ष्मण के किरदार में धनुष पर तीर चढ़ाते नजर आ रहे हैं। पोस्टर में सबसे ऊपर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह हनुमान बने हैं और संजीवनी लेकर आए हैं। इसमें ये लिखा है- गद्दारी से नाता है छुरा घोंपना आता है। कांग्रेस की तरफ लिखा है वफादारी से नाता है तीर चलाना आता है। गौतलब है कि प्रदेश में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कारण सरकार गंवाने वाले कमल नाथ और अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अब ग्वालियर-चंबल अंचल में सिंधिया को घेरने की तैयारी में लगे हैं। कांग्रेस भी जानती है कि साल 2023 में कांग्रेस की सरकार बनानी है तो ज्योतिरादित्य सिंधिया का तोड़ तलाशना पड़ेगा।


खबरें और भी हैं