73 वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के राजपथ पर सेनाओं ने अपनी ताकत दिखाई और विभिन्न राज्यों की झांकियों ने अपने सांस्कृतिक रंग बिखेरे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने राजपथ पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का स्वागत किया। राष्ट्रगान और 21 तोपों की सलामी के बाद राष्ट्रपति ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के एएसआई बाबू राम को मरणोपरांत अशोक चक्र प्रदान किया। उनकी पत्नी रीता रानी ने शांति काल में वीरता का सबसे बड़ा पदक लिया। राजपथ पर करीब 90 मिनट तक परेड चली। इसमें सेनाओं ने महिलाओं के आगे आने की तस्वीर दिखाई। नौसेना, वायुसेना और थल सेना की टुकड़ियों की महिला अफसरों ने तिरंगे को सलामी दी। परेड में 75 एयरक्राफ्ट का मेगा फ्लाइ पास्ट किया गया। इस दौरान कॉकपिट में बैठे पायलट्स ने इसे लाइव स्ट्रीम भी किया। राजपथ के ऊपर राफेल विमान भी गरजे और ध्रुव हेलिकॉप्टर्स ने आसमान में तिरंगा फहराया। 5 राफेल फाइटर जेट्स ने विनाश फॉर्मेशन में उड़ान भरी। 75 एयरक्राफ्ट्स ने पहली बार मेगा फ्लाईपास्ट किया है। ये आजादी के अमृत महोत्सव के प्रतीक के तौर पर किया गया।