वृद्धों की सेवा ही सही मायने में ईश्वर सेवा है-विधायक सुदेश राय सीहोर। वर्तमान में वृद्धों की सेवा ही सही मायने में ईश्वर की सेवा है। संकल्प वृद्धाश्रम द्वारा जो असहाय वृद्धों की सेवा की जा रही है उसके लिए में केन्द्र के पदाधिकारियों और संचालक का साधुवाद देना चाहता हूं। उक्त विचार शहर के सैकड़ाखेड़ी में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथ के रूप में मौजूद विधायक सुदेश राय ने कहे। इस मौके पर उन्होंने यहां पर मौजूद बड़ी संख्या में वृद्धों का सम्मान करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को अपने बुजुर्गों माता-पिता की सेवा का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में विशेष अतिथि समाजसेवी अरुणा सुदेश राय, संतोष विजयवर्गीय, भाजपा नेता सीताराम यादव, राजकुमार गुप्ता, माया राम गौर, डॉ. बीके चतुर्वेदी, सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक श्रवण कुमार पचौरी का स्वागत संकल्प वृद्धा आश्रम की ओर से संकल्प के संस्थापक वीपी सिंह, संचालक राहुल सिंह, निशा सिंह आदि ने किया। कार्यक्रम के दौरान यहां पर मौजूद संचालक राहुल सिंह ने कहा कि मैं हमेशा वृद्धों की सेवा करता रहूंगा क्योंकि वृद्ध जन ही हमारे लिए मार्गदर्शक और गुरू है। उनकी सेवा करने से बड़ा कोई कार्य नहीं है। इस दौरान शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें एक मासूम बच्ची फल्गुनी पुरोहित पिता चंदू पुरोहित ने वृद्धों के प्रति गीतों से समा बांध दिया। कार्यक्रम का संचालन राजधानी भोपाल के वक्ता के रूप में मौजूद प्रशांत सेंगर ने किया था। इस दौरान संकल्प वृद्धा आश्रम के संस्थापक राहुल सिंह ने कहा कि बुजुर्गों की देखभाल करना सबसे महत्वपूर्ण कार्य होता है।