क्षेत्रीय
मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अगर ईमानदारी से नहीं लड़े, तो कांग्रेस वापस नहीं आने वाली है। दिग्विजय सिंह ने यह बात शनिवार को रतलाम में सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए कही। दरअसल उनसे मिलने पहुंचे कार्यकर्ता अलग-अलग गुट बनाकर खड़े थे। इससे नाराज होकर दिग्विजय ने उन्हें फटकार लगाई और एकजुट होकर कांग्रेस के लिए काम करने को कहा। दिग्विजय ने कहा कि प्रदेश में हम बिखरे हुए हैं। इससे काम नहीं चलेगा। 2023 में होने वाले प्रदेश के विधानसभा चुनाव को आप लोग ईमानदारी से नहीं लड़े, तो सब लोग घर बैठिएगा।