1. जिला युवक कांग्रेस ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला जिला युवक कांग्रेस के द्वारा अडानी ग्रुप को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्थानीय फव्वारा चौक में पुतला दहन किया गया। जिला युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों का आरोप था कि देश के प्रधानमंत्री ने संवैधानिक पद पर रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग किया है। एलआईसी पॉलिसी धारक और एसबीआई के पॉलिसी धारकों का पैसा गौतम अडानी को बेचकर उसे लाभ पहुंचाया है। इस विरोध में जिला युवक कांग्रेस के द्वारा प्रधानमंत्री मोदी का पुतला दहन किया गया इस कार्यक्रम में जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष एकलव्य अहके सहित सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। 2. नेशनल लोक अदालत में 679 प्रकरणों का हुआ निराकरण मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश पर जिला न्यायालय सहित परासिया चौरई सौसर पांढुर्णा जुन्नारदेव अमरवाड़ा हर्रई तामिया में प्रधान जिला न्यायधीश जितेंद्र कुमार शर्मा के कुशल नेतृत्व में नेशनल लोक अदालत का आयोजन हुआ। इस नेशनल लोक अदालत में 679 प्रकरणों का निराकरण किया गया।मोटर दुर्घटना के 58 प्रकरणों में 1 करोड़ 5 लाख के अवार्ड पारित हुए जबकि चेक बाउंस के 153 प्रकरणों में 3 करोड़ से अधिक के अवार्ड पारित हुए। 3. उत्तम भक्ति से ही हो सकता है परमात्मा का साक्षात्कार: देवकीनंदन महाराज दशहरा मैदान में भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू और उनके परिवार के द्वारा शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया है। जिसमें अंतरराष्ट्रीय कथा प्रवक्ता देवकीनंदन ठाकुर महाराज के द्वारा शिव महापुराण की कथा सुनाई जा रही है। कथा के दूसरे दिन उन्होंने पापों से पिशाच बने बिंदुक सहित ब्रह्मा के अभिमान और कलयुग के प्रभाव की कथा सुनाई। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण सुनने मात्र से बिन्दुक का कल्याण हो गया था। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि उत्तम भक्ति से ही परमात्मा का साक्षात्कार हो सकता है। 4. कुलबहरा नदी के पास बाइक भिड़ंत कुलबहरा नदी इमलीखेड़ा मार्ग के पास दो बाइक में भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवारों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। हादसे में बाइक चालक संजू उइके जो गंभीर चोट आई है। दोनों घायल बाइक चालकों का अस्पताल में उपचार जारी है। 5. राजीव भवन में बैठक कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो अभियान के तहत जिला स्तरीय कांग्रेस संगठन की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें कांग्रेस अनुसांगिक संगठन के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।बैठक में यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो अभियान को लेकर आगामी रुपरेखा बनाई गई। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे सहित सभी कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। 6. पंडित दीनदयाल की मनाई पुण्यतिथि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा पंडित दीनदयाल पार्क में आज उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर पंडित दीनदयाल की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू निगम नेता प्रतिपक्ष विजय पांडे विजय झांझरी सहित सभी भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। 7. आंगनवाड़ी में बच्चों को स्वेटर का वितरण वार्ड नंबर 20 के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 7 पातालेश्वर क्षेत्र में आंगनवाड़ी के बच्चों को शहर महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष संतोषी गजभिये द्वारा निशुल्क स्वेटर का वितरण किया गया। महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष संतोषी गजभिए ने बताया कि उनके संगठन के द्वारा अब तक 5000 ऊनी स्वेटर का वितरण आंगनबाड़ी की जरूरतमंद बच्चों को किया गया है। 8. गुलाबरा से हुई हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत शहर कांग्रेस के द्वारा वार्ड नंबर 42 गुलाबरा से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं के द्वारा केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए क्षेत्र में जगह-जगह सभाए ली गई। इस अभियान में महापौर विक्रम अहके नगर पालिक निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण चौधरी आनंद बक्शी सहित सभी कांग्रेस पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत यह रैली वार्ड नंबर 43 44 और 45 में भी पहुंची। 9. छिंदवाड़ा इंदौर पेंचवेली ट्रेन 15 दिनों के लिए बंद छिंदवाड़ा से इंदौर तक चलने वाली पेंचवेली एक्सप्रेस ट्रेन शनिवार 11 फरवरी से 24 फरवरी तक निरस्त कर दी गई है। छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन में अब यह 25 फरवरी को रात 10:30 बजे निर्धारित समय से इंदौर के लिए रवाना होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में करछा और बरेली के बीच डबल लाइन का काम चलने के कारण छिंदवाड़ा से इंदौर तक चलने वाली ट्रेन क्रमांक 19 344 और इंदौर से भंडारकुंड तक चलने वाली ट्रेन क्रमांक 19 340 को निरस्त किया गया है। आज से यह ट्रेन बंद हो गई है।इसी प्रकार अगले 15 दिनों तक छिंदवाड़ा से बैतूल तक रोज सुबह 8:00 बजे चलने वाली ट्रेन क्रमांक 095 90 और बैतूल से छिंदवाड़ा तक शाम 4:30 बजे चलने वाली ट्रेन क्रमांक 095 89 भी निरस्त कर दी गई है। यह ट्रेन निरस्त होने से जिले में चल रहे महादेव मेले की यात्रियों पर भी इसका असर होगा। उन्हें खासी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। जबकि छिंदवाड़ा से इंदौर और भोपाल तक जाने वाली यात्री बसों में अतिरिक्त लोड बढ़ जाएगा। 10 महादेव मेले में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे जुन्नारदेव विधायक सतपुड़ा की वादियों में विराजे चौरागढ़ महादेव की दुर्गम यात्रा शुरू हो चुकी है। हर-हर महादेव के जयघोष और हाथ में त्रिशूल लेकर लाखों शिव भक्त महाशिवरात्रि तक देवाधिदेव के दर्शन करने यहाँ पहुचेंगे। इस यात्रा की शुरुआत छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव विकासखण्ड की ग्रामपंचायत जुन्नारदेव विशाला स्थित पहली पायरी से शुरू होकर पैदल एवं वाहन द्वारा पहाड़ी रास्तों से तय की जाती हैं। इसलिए समीपी जिले सिवनी और बालाघाट सहित महाराष्ट्र के जिलों के भक्त भी यहीं से गुजरते हैं। इस वर्ष महाशिवरात्रि 18 फरवरी को आ रही है। चौरागढ़ महादेव के इस धार्मिक मेले को लेकर अभी से उत्साह बना हुआ है।स्थानीय जनपद के अधिकारियों द्वारा की जा रही व्ययवस्थाओ की पोल आज जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके के मेला स्थल पर पहुँचने और वहा की गई व्यवस्थाओ की जानकारी पर लेने पर खुली जिसको लेकर भी विधायक सुनील उईके द्वारा कड़ी आपत्ति जाहिर की। उन्होंने मेला व्यवस्था के जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कड़े शब्दों में व्ययवस्थाओ को सुधारने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।