1 वैक्सीनेशन को लेकर जबलपुर में अधारताल की एक लड़की ने चौंकाने वाला दावा किया है। पिता के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची लड़की का दावा है कि वैक्सीन लगवाने के दो दिन तक उसे दर्द होता रहा। तीसरे दिन उसका चेहरा तिरछा हो गया। लड़की और उसके पिता का दावा है कि मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों को दिखाया, तो उनका कहना है कि इसे ठीक होने में लंबा समय लगेगा। लड़की ने कोविशील्ड का फर्स्ट डोज लगवाया था। लड़की का दावा है कि वैक्सीन के कारण ही फेस पैरालिसिस हुआ है। उसने प्रशासन से इलाज कराने की गुहार लगाई है। 2 जबलपुर में पुलिस-प्रशासन और नगर निगम की माफिया के खिलाफ कार्रवाई जारी है। बुधवार को पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक के साथी अकील खलीफा के 12 करोड़ रुपए कीमत का दुकान, मकान ओर गोदाम तोड़ दिया। आरोपी ने इनका अवैध तरीके से निर्माण कराया था। नगर निगम से कई बार नोटिस जारी हो चुका था। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास सहित 20 गंभीर अपराध दर्ज हैं। 3 जबलपुर की कैंट पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने दोनों आरोपी के पास से 6 किलो से ज्यादा का गांजा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सदर के आरसी ग्राउंड में गांजा बेचने की फिराक में खड़े थे तभी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से 6 किलो गांजा बरामद किया गया है। दोनों ही आरोपी गोरा बाजार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। 4 सदर-कैंट क्षेत्र आर्मी एरिया में सेना की भर्ती के लिए कई जिलों से पहुंचे युवकों ने 27 सितंबर की देर रात भर्ती प्रक्रिया की तारीख निरस्त होने पर जमकर बवाल किया। 300 से अधिक युवकों ने आधी रात आर्मी क्षेत्र से निकलने के बाद सिविल एरिया में उतारा। मोदीवाड़ा में दुकानों व घरों में पथराव किए। दुकानों के शटर तोड़ने का प्रयास किया। घरों से निकली कुछ महिलाओं से अभद्रता भी की।आधी रात सड़कों पर युवकों का उत्पात देख लोग भी दंग रह गए। उन्हें भी समझ में नहीं आ रहा था कि अचानक क्या हो गया। उपद्रव की सूचना केंट पुलिस को स्थानीय लोगों से मिली। पुलिस पहुंची तो युवकों की संख्या देख उसे और थानों से बल बुलाने पड़ गए। पांच थानों का बल पहुंचा और हल्का बल प्रयोग किया। तब उपद्रवी भागे। 5 जबलपुर के सिहोरा थाना क्षेत्र में एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी मच गई। एक खेत के बीचों बीच शव होने की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और वहां लोगो का हुजूम उमड़ पड़ा। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी।मृतक की पहचान कर ली गई है और उसका नाम परम बताया जा रहा है।उसकी मौत की वजह का फिलहाल पता नही चल सका है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के राज से पर्दा उठ सकेगा।