क्षेत्रीय
01-May-2022

फुटवियर डिजाइनिंग एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के द्वारा शनिवार को स्थानीय दशहरा मैदान में फैशन शो का आयोजन किया गया था। जो संस्था प्रबंधन की लापरवाही के कारण फ्लॉप शो साबित हुआ। एफडीडीआई कैंपस में बने ऑडिटोरियम हॉल की जगह स्थानीय दशहरा मैदान में फैशन डिजाइन विभाग के द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। लेकिन कार्यक्रम के दौरान काफी अनियमितताएं देखने को मिली। प्राप्त जानकारी के मुताबिक संस्था के द्वारा दशहरा मैदान में रात 10 बजे तक कार्यक्रम की अनुमति ली गई थी। लेकिन निर्धारित समय से कई घंटे देरी से कार्यक्रम शुरू हुआ। लगभग 9:30 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस बीच 10:00 बजे क्षेत्रवासियों की शिकायत पर पुलिस आयोजित कार्यक्रम को बंद कराने पहुंच गई थी। जिसके बाद लगभग 10:30 बजे कार्यक्रम को बंद कर दिया गया। श्रीवास्तव कॉलोनी निवासी वर्षा साहू ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल करके अपना तथा अपने परिजनों और स्कूल का गौरव बढ़ाया है। वर्षा साहू की मां मंडी में छोटी सी सब्जी की दुकान लगाती है जो सब्जी बेचकर अपनी बेटी को पढ़ाई करा रही है। वर्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को सबसे ज्यादा दिया है। विद्या निकेतन स्कूल में पढ़ने वाली वर्षा का कहना है कि पढ़ लिखकर वह यूपीएससी एग्जाम निकालना चाहती है जिसके बाद बड़ी प्रशासनिक अधिकारी बनकर अपनी मां का सपना पूरा करना चाहती है। जिले में भूजल स्तर लगातार गिरते जा रहा है। बीते 9 महीने में छिंदवाड़ा शहर में 12 मीटर से ज्यादा जलस्तर गिरा है। शहर में लगातार बढ़ती अंधाधुध बोरिंग और भूमिगत जल संरक्षण के लिए जिम्मेदारों के द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शायद यही कारण है कि अब पानी की समस्या से छिंदवाड़ा जिले को जूझना पड़ रहा है। जिले के 11 विकासखंडों में जलस्तर 20 मीटर से नीचे गिर चुका है।जिले में औसत जल स्तर की बात करें तो 31.50 मीटर तक पानी पहुंच गया है। इसमें अप्रैल महीने में जहां छिंदवाड़ा में 23 मीटर पर पानी है।वही चौरई अमरवाड़ा और हर्रई ऐसे विकासखंड है जहां पर औसत जलस्तर 40 मीटर से ज्यादा पहुंच गया है।जिले के परासिया और छिंदवाड़ा खंड में 12 हजार हैंडपंप हैं। जलस्तर गिरने से सबसे ज्यादा असर हैंडपंपों पर पड़ता है। पीएचई विभाग हैंडपंपों के बंद होने से उनमें पाइप बढ़ाने व नए हैंडपंप खनन के कार्य में जुट जाता है। वर्तमान में 785 हैंडपंप जलस्तर गिरने के कारण सूखे हैं। वहीं जिले में संचालित 1030 नलजल योजनाओं में से तीन से ज्यादा नलजल योजनाएं प्रभावित हुई है। जिले में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। पारा लगातार चढ़ रहा है। रविवार को शहर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि शनिवार को न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो इस साल का सबसे ज्यादा गर्म दिन था। गौरतलब है कि अप्रैल महीने के शुरुआत से ही इस बार झुलसाने वाली गर्मी और तेज लपट चल रही है। जिसके चलते शहर की सड़कें दोपहर के वक्त पूरी तरह से सूनी हो रही है। जबकि अस्पताल में भी मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। डॉक्टरों के द्वारा लू से बचने के लिए धूप में नहीं निकलने और शीतल पेय पदार्थ तथा ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जा रही है। सफाई मजदूर संघ के द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर रविवार के दिन एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की गयी। इससे छिंदवाड़ा जिले की समस्त नगर पालिका और नगर निगम में सफाई काम बंद रहा। सफाई मजदूर कर्मचारियों का कहना है कि जब तक शासन के द्वारा उनकी विभिन्न मांगी पूरी नहीं की जाती है। तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल के बाद भी यदि शासन के द्वारा सफाई कर्मचारियों की मांगे पूरी नहीं की गई। तो आगामी दिनों में प्रदेश भर में सफाई कर्मचारी काम बंद हड़ताल पर बैठ जाएंगे। गौरतलब है कि बीते दिनों सफाई कर्मचारी संघ के द्वारा 18 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया था जिसमें सफाई कामगारों को 2005 से पुरानी पेंशन बहाल करने,मध्य प्रदेश की समस्त नगर पालिका, नगर पंचायत और नगर निगम में सफाई ठेका प्रथा बंद करने,सफाई कामगार मित्रों के पद से रोस्टर प्रणाली को समाप्त करने संबंधी अन्य मांगे शामिल थी। माँ अंजनी पुत्र सेवा समिति के तत्वावधान में शनिवार को स्थानीय दादाजी धुनी वाले मंदिर चारफाटक में विशाल देवी जागरण का आयोजन किया गया था। जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायिका पूजा गोल्हानी के द्वारा सुंदर गीतों की प्रस्तुति दी गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग विशाल देवी जागरण में हिस्सा लेने पहुंचे। जहां पर मां अंजनी पुत्र सेवा समिति के द्वारा खासी व्यवस्थाएं की गई थी। नूरी मस्जिद क्षेत्र से शनिवार को 4 बच्चे लापता हो गए थे। जो साइकिल चलाते हुए मुलताई रोड खूनाझिर तक पहुंच गए थे। रास्ता भटकने पर ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बच्चों को उनके घर सकुशल लाया गया। मिली जानकारी के मुताबिक अजहर उम्र 11 वर्ष,जिया 13 वर्ष,तनवीर 11 वर्ष और सुफियान 12 वर्ष के चारों बच्चे साइकल चलाते हुए शहर से निकलकर मुलताई रोड होते हुए खुनाझिर तक पहुंच गए थे। इस बीच बच्चों के परिजन भी उन्हें ढूंढने निकल गए। इसकी शिकायत थाने में भी की गई थी। जिसके बाद कोतवाली पुलिस बच्चों की पतासाजी में जुट गई थी। ग्रामीणों की मदद से कोतवाली पुलिस ने बच्चों को परिजनों से मिलवाया और उन्हें समझाइश दी। संत आसाराम गुरुकुल के तत्वाधान में आज प्रति रविवार की तरह इस रविवार भी भीषण गर्मी से राहत दिलाने आम नागरिकों और राहगीरों को ठंडी छाछ का वितरण स्थानीय मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के पास किया गया। गोल गंज स्थित श्री आदिनाथ जिनालय में मुमुक्षु मंडल एवं अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन द्वारा श्री कुंथुनाथ भगवान का जन्म, तप एवं निर्वाण कल्याणक महोत्सव मनाकर श्री शांति विधान का मंगलमय आयोजन किया गया।फेडरेशन के प्रांतीय मीडिया प्रभारी दीपक राज जैन ने बताया कि 2 मई को विविध अनुष्ठानों के साथ आध्यात्मिक सतपुरुष गुरुदेवश्री कानजी स्वामी का 133 वां उपकार दिवस मनाया जावेगा। भाजपा कार्यालय में रविवार को त्रिदेव प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें भाजपा संगठन के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। ब्रह्म समाज कल्याण मंडल द्वारा भगवान परशुराम जयंती को लेकर चार दिवसीय कार्यक्रम मनाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को ब्रह्म समाज कल्याण मंडल के युवाओं के द्वारा स्थानीय परशुराम वाटिका में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में समाज के युवक-युवतियों के द्वारा रक्तदान किया गया। सोमवार को महिला प्रकोष्ठ के द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर कोयलांचल क्षेत्र में कार्यरत लाल झंडा कोल माइन मजदूर यूनियन सीटू कन्हान पेंच ने संयुक्त रुप से परासिया नगर के स्टाफ क्लब में मजदूर दिवस मनाया। इस मौके पर सीटू के सभी पदाधिकारी और सदस्य कार्यक्रम में मौजूद थे। जनपद पंचायत मोहखेड में 2 माह से वेतन नहीं मिलने पर पंचायत सचिवों ने बीते दिन बैठक का बहिष्कार कर दिया। वेतन जारी नहीं करने के मामले में पंचायत सचिवों ने एक लिपिक पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। वही इस मामले को लेकर कुछ सचिवों के द्वारा जनपद सीईओ को ज्ञापन भी प्रेषित किया गया है।


खबरें और भी हैं