क्षेत्रीय
मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में दो साल बाद मंगलवार को निकली रंगपंचमी की गेर ऐतिहासिक हो गई। इसमें 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। गोराकुंड, इतवारिया बाजार, नरसिंह बाजार से शुरू हुई गेर में लोगों की भीड़ राजवाड़ा से जवाहर मार्ग तक देखी गई। यह अब तक की सबसे बड़ी गेर कही जा सकती है। राजवाड़ा से रीगल तिराहे तक गेर का ही हुजूम दिखाई दे रहा था। इस बार निकलने वाली गेर में 20 से अधिक ट्रैक्टर, 3 कंप्रेसर मशीन और 3 मिसाइलों से गुलाल बरसाया गया । गेर में युवक-युवतियां, महिलाएं-बच्चों में इस बार गेर को लेकर जबरदस्त उत्साह दिख रहा था। लोग टोलियों में रंग-गुलाल उड़ाते चल रहे थे। ढोल-ताशों और डीजे की धुन पर युवा नाच रहे थे।