क्षेत्रीय
15-Oct-2021

दशहरा पर्व के अवसर पर शुक्रवार को स्थानीय दशहरे मैदान में रामलीला का आयोजन किया गया। जिसके बाद 21 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस अवसर पर सभी राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे। रावण दहन के पहले दर्शकों के मनोरंजन के लिए भव्य आतिशबाजी का आयोजन भी किया गया था। जिसका लोगों ने जमकर लुफ्त उठाया। गौरतलब है कि स्थानीय दशहरा मैदान में दशहरा पर्व के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन होता है किंतु इस बार कोरोना गाइडलाइन के चलते सांकेतिक रूप से रावण दहन किया गया। विजयादशमी पर्व के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वारा शहर में विशाल पथ संचलन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समस्त कार्यकर्ता मौजूद थे।आरएसएस का यह पथ संचलन स्थानीय दशहरा मैदान से प्रारंभ हुआ जो शहर के मुख्य मार्गो से होता हुआ वापस दशहरा मैदान पहुंचा।संघ के पथ संचलन के मद्देनजर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस लाइन स्थित आरआई ऑफिस में दशहरे के अवसर पर शस्त्र पूजन किया गया। इस अवसर पर एसपी विवेक अग्रवाल सहित पुलिस महकमे के समस्त अधिकारी मौजूद थे।पुलिस अधिकारियों द्वारा शस्त्र पूजन करने के साथ ही गाड़ियों की भी पूजा की गई। पूर्व मंत्री एवं विधायक दीपक सक्सेना बीते दिनों शहर के विभिन्न देवी मंडलों में पहुंचे।जहां पर उन्होंने माता रानी का आशीर्वाद लिया।स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास स्थित बंगाली कॉलोनी की मूर्ति और नागपुर नाके के पास स्थित व्यापारी मंडल द्वारा विराजित की गई माता की झांकी के दर्शन पूर्व विधायक दीपक सक्सेना और उनके समर्थकों द्वारा किए गए।इस अवसर पर विधायक ने माता को भेंट अर्पित करते हुए महाआरती भी की। पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान के घर पर भी दशहरे के अवसर पर शस्त्र पूजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री चौधरी चन्द्रभान ने समस्त जिले वासियों को नवमी और दशहरे पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। श्री संतोषी माता कांच मंदिर गुलाबरा से आज माता की विशाल शोभायात्रा निकाली गई।जिसमें गाजे बाजे के साथ मंदिर समिति द्वारा स्थानीय छोटे तालाब में जाकर कलश विसर्जन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। नवरात्र पर्व की अंतिम दिन शहर में जगह-जगह कलश यात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर जवारे का विसर्जन किया।


खबरें और भी हैं