देश में फिर एक बार 20 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले हैं। सोमवार को 24,437 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 20,186 ठीक हुए और 130 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 4,104 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस महीने 15 दिन में 2 लाख 97 हजार 539 नए मरीज मिले हैं। 2 लाख 41 हजार 63 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 1,698 मरीजों ने जान गंवाई। देश में अब तक कुल 1 करोड़ 14 लाख 9 हजार 595 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 10 लाख 25 हजार 631 ठीक हुए हैं। 1 लाख 58 हजार 892 ने जान गंवाई है, जबकि 2 लाख 20 हजार 401 हजार का इलाज चल रहा है। बेंगलुरु में जोमैटो डिलीवरी ब्वॉय मारपीट मामला अब उलटा पड़ता दिखाई दे रहा है। मामले में अब महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। महिला पर डिलीवरी ब्वॉय से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस स्टेशन में दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी महिला ने डिलीवरी ब्वॉय को चप्पल से पीटा, गालियां दी और फिर बाद में उसी के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करवा दी। दरअसल, कंटेंट क्रिएटर हितेशा चंद्रानी ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर आरोप लगाया था कि जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय ने उनके चेहरे पर पंच मारा था। नंदीग्राम सीट से भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नामांकन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोमवार को नंदीग्राम के रिटर्निंग ऑफिसर से शिकायत कर ममता का पर्चा रद्द करने की मांग की है। शुभेंदु ने कहा कि ममता बनर्जी के खिलाफ 2018 में 5 क्रिमिनल केस दायर हुए थे। एक मामला आयोग के पास लंबित है, लेकिन उन्होंने अपने नामांकन में इसका जिक्र नहीं किया है। उन्होंने इन 6 मामलों को छिपाया है। उधर, चुनाव आयोग ने ज्ञानवंत सिंह को ममता का सुरक्षा निदेशक नियुक्त किया है। नए कृषि कानूनों के खिलाफ 110 दिन से चल रहा किसान आंदोलन फिर सवालों के घेरे में है। किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने आंदोलन कर रहे संगठनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस आंदोलन को कांग्रेस फंडिंग कर रही है। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि 26 जनवरी को हमें मालूम पड़ा कि जितने भी संगठन सिंघु, गाजीपुर और टीकरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे थे, ये सब कांग्रेस के खरीदे हुए और उसी के भेजे हुए थे। भानु ने कहा कि हमें मालूम पड़ा कि इन्होंने 26 जनवरी को पुलिस पर हमला किया। भारत में 2011-15 और 2016-20 के दौरान विदेशों से हथियारों के आयात में 33 फीसदी कमी आई है। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित आपूर्तिकर्ता देश रूस और उसके बाद अमेरिका रहे हैं। स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम स्थित रक्षा थिंक टैंक सिपरी की रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है। माना जा रहा है कि केंद्र सरकार के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के चलते हथियारों के आयात में कमी आई है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अप्रैल के आखिर में भारत दौरे पर आएंगे। यूरोपियन यूनियन से ब्रिटेन के बाहर निकलने के बाद बोरिस की यह पहली बड़ी अंतर्राष्ट्रीय यात्रा होगी। इससे पहले उन्हें भारत के 72वें गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था, लेकिन ब्रिटेन में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर उन्होंने अपनी यात्रा रद्द कर दी थी। अमेरिकी रक्षामंत्री लॉयड ऑस्टिन 19-21 मार्च तक भारत के दौरे पर रहेंगे। बाइडेन प्रशासन के किसी शीर्ष अधिकारी की यह पहली भारत यात्रा है। भारत-अमेरिका के बीच पिछले कुछ वर्षों से रक्षा संबंधों में आई तेजी के मद्देनजर यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। अमेरिकी रक्षा मुख्यालय (पेंटागन) के शीर्ष अधिकारी ने बताया कि यात्रा के दौरान ऑस्टिन अपने भारतीय समकक्ष राजनाथ सिंह से मिलेंगे। दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया के हौसले बुलंद हैं. इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर टीम इंडिया अब बढ़त के लिए पूरी ताकत झोंकेगी. पांच मैचों की मौजूदा सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार को मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच शाम 7.00 बजे शुरू होगा. सोना-चांदी एक बार फिर से महंगे होने लगे हैं। 24 कैरेट सोना 44,827 रुपए पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की बात करें तो चांदी 66,535 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। शादियों का सीजन के शुरू होने वाला है ऐसे में सोने की मांग बढ़ी है। 5 मार्च को सोना 43,887 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। ऐसे में तक से अब तक सोना करीब 950 रुपए महंगा हो गया है। शेयर बाजार में लगातार दो दिन की गिरावट के बाद मंगलवार को खरीदारी है। सेंसेक्स 129 अंक ऊपर 50,524.48 पर कारोबार कर रहा है, जो कल 50,395 पर बंद हुआ था। इंडेक्स में एशियन पेंट्स और टाइटन के शेयर सबसे ज्यादा 2-2ः की बढ़त है। निफ्टी इंडेक्स भी 36 अंकों की बढ़त के साथ 14,965.65 पर कारोबार कर रहा है।