क्षेत्रीय
कृषि कानूनाें के विरोध और किसान आंदोलन के समर्थन में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस ने आज भोपाल में प्रदर्शन किया। दोपहर 11 बजे सभी कार्यकर्ता जवाहर चौक पर एकत्रित हुए। पुलिस ने रोशनपुरा के पास ही कार्यकर्ताओं को रोक लिया। कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने रोशनपुरा और रंगमहल चौराहे पर वॉटर कैनन से पानी छोड़ा। यही नहीं, स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग भी किया। पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्द्धन सिंह और विधायक कुणाल चौधरी समेत 20 कांग्रेसी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।