भाजपा मेयर प्रत्याशी के प्रचार रथ को लगाना पड़ा धक्का मुख्यमंत्री शिवराज चौहान 25 जून को आएंगे छिंदवाड़ा कल होगा पहले चरण का मतदान टीसी नहीं मिलने पर धरने पर बैठी महिला 1 नगर पालिक निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशी निगम पर कब्जा जमाने के लिए अब जोर आजमाइश करने लगे हैं। नगर पालिक निगम के 48 वार्डों में मेयर और पार्षद पद के प्रत्याशियों का धुआंधार प्रचार चल रहा है। इस बीच भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशी अनंत धुर्वे के बंद पड़े प्रचार रथ को धक्का मारते एक वीडियो शहर में तेजी से वायरल हो रहा है। जिस पर अब कांग्रेस भी चुटकी लेने लगी है। जिस प्रचार रथ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वह परासिया रोड का बताया जा रहा है। जिसमें भाजपा महापौर पद के प्रत्याशी अनंत धुर्वे का प्रचार कर रहा वाहन बंद पड़ गया था इस वाहन को धक्का मारकर चालू करने की कोशिश की जा रही थी। 2 प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 25 जून को छिंदवाड़ा आ रहे हैं। वे यहां पर मानसरोवर काम्प्लेक्स बस स्टैंड में जनसभा को संबोधित करेंगे।बस स्टैंड के सामने जनसभा के लिए वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है। 25 जून को दोपहर 12 बजे यहां सीएम की जनसभा होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के द्वारा शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया। जहां पर सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों के द्वारा दिए गए। 3 त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में शनिवार को मतदान होने जा रहा है। मतदान के लिए आज मतदान दल को मतदान सामग्री के साथ पहले चरण में होने जा रहे चुनाव के लिए रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन के निर्देशन में प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा मतदान दल को मतदान सामग्री का वितरण करने के साथ ही जिले में होने जा रहे जिला पंचायत और जनपद चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए भेजा गया है। 4 निजी स्कूल के द्वारा टीसी नहीं देने पर शुक्रवार को एक महिला अपनी बेटी के साथ शहीद स्मारक पर धरने में बैठ गई। धरने पर बैठी महिला माया महोरे ने बताया कि उनके पति की कोरोना काल के दौरान मौत हो गई थी। जिसके बाद से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। वे अपनी बच्ची को शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ाई करवा रही थी। लेकिन फीस नहीं चुकाने के कारण अब स्कूल प्रबंधन टीसी देने से आनाकानी कर रहा है। महिला के धरने पर बैठने की खबर लगते ही तहसीलदार अजय भूषण मौके पर पहुंचे। जिन्होंने महिला से चर्चा करने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी से चर्चा करते हुए बच्ची को टीसी दिलाए जाने की बात कही हैं। वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस शुक्रवार को जिले भर में मनाया गया। खजरी रोड स्थित रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के द्वारा माल्यार्पण कर उनकी शहादत को नमन किया गया। विकासखंड पांढुर्णा के रायवासा में अनोखा चुनाव प्रचार चल रहा है। ग्राम पंचायत में पंच पद के लिए रोशन पाँनसे को चुनाव चिन्ह बाल्टी आवंटित हुई है।जिसके बाद रोशन पांनसे अपने चुनाव चिन्ह बाल्टी को हाथ मे लेकर क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने गांव के विकास के लिए 52 सूत्रीय वादों का घोषणा पत्र बनवाया है। जिसमें हस्ताक्षर कर वे ग्रामवासियों से अपने लिए समर्थन मांग रहे हैं। नगर पालिक निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रानी कोठी में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सम्मेलन हुआ जिसमें महापौर पद के प्रत्याशी सहित सभी पार्षद पद के प्रत्याशी भी मौजूद थे। इसके साथ ही बैठक में शनिवार से होने जा रही पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे सहित सभी कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन कार्य में लगाया गया है। शुक्रवार को चुनाव की ड्यूटी के दौरान शराब पीकर आने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पीजी कॉलेज में आज पंचायत चुनाव के लिए मतदान दल को मतदान सामग्री के साथ रवाना किया जा रहा था। इसी दौरान दो कर्मचारी शराब के नशे में धुत मिले थे। इन कर्मचारियों की ड्यूटी पीठासीन कार्य के लिए लगाई गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शराब के नशे में धुत कर्मचारियों को पटवारी के द्वारा जिला अस्पताल में एमएलसी के लिए लाया गया। जहां पर उनकी जांच हुई हैं।