शिवपुरी जिले के कोरोना महामारी को लेकर करैरा तहसील के राजगढ़ गांव में ग्रामीण टोना-टोटका कर रहे थे। इसके लिए गांव से बाहर माता मंदिर पर भंडारा आयोजित कर दिया। 200 से 300 लोगो की भीड़ जुटने की सूचना मिलने पर अमोला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मंदिर पर लोगों को समझा रही थी, तभी मंदिर के पीछे छुपे लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में थाना प्रभारी सहित सात पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं। जबकि पुलिस के संग खड़ा पुजारी भी घायल हो गया है। इस घटना के बाद पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राघवेंद्रसिंह यादव ने बताया कि उन्हें ग्राम राजगढ़ से फोन आया कि गांव में तालाब के पास बने माता के मंदिर पर गांव के लोग भंडारे का आयोजन कर रहे हैं। जिसमें काफी संख्या में भीड़ एकित्रत है और कोरोना संक्रमण फैलने की संभावना है। सूचना पर पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों से विवाद हो गया। पुलिस ने भीड़ को कोरोना संक्रमण के बारे में जानकारी देकर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद भी मंदिर पर 8-10 लोग बैठे रह गए। पुलिस ने जब उन्हें भी घर जाने को कहा तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर पथराव कर दिया।