अंतर्राष्ट्रीय
24-Aug-2020

1 डेमोक्रेटिक पार्टी ने अपने नेशनल कन्वेंशन में पिछले हफ्ते जो बिडेन को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया। इसके साथ ही अमेरिका में राष्ट्रपति चुनावों की गहमागहमी तेज हो गई है। सोमवार से रिपब्लिकन पार्टी का नेशनल कन्वेंशन शुरू हो रहा है। चार दिन के नेशनल कन्वेंशन में डोनाल्ड ट्रम्प को राष्ट्रपति पद के लिए पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। 2 फिलीपींस के सुलु प्रांत में सोमवार को हुए दोहरे विस्फोटों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। एक प्रारंभिक रिपोर्ट में सेना ने कहा कि पहला विस्फोट दोपहर 12 बजे के आसपास सुलु प्रांत की राजधानी जोलो में एक भीड़भाड़ वाली व्यस्त सड़क पर स्थित किराने के स्टोर के सामने हुआ। हताहत लोगों में कई सैनिक बताए जा रहे हैं। 3 कोरोना संकट की मार झेल रही दुनिया के लिए एक और बुरी खबर है। ब्रिटिश वैज्ञानिकों ने सैटलाइट की तस्वीरों के आधार पर पता लगाया है कि बढ़ती गर्मी की वजह से 30 साल में पृथ्वी की 28 ट्रिल्यन टन बर्फ पिघल गई। एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के शोधकर्ताओं ने वर्ष 1994 से लेकर 2007 के बीच की उत्तरी और दक्षिणी ध्रुव की सैटलाइट तस्वीरों का अध्ययन किया था। इस अध्ययन का मकसद वातावरण में ग्रीन हाउस गैसों की बढ़ती मात्रा के असर का पता लगाना था। वैज्ञानिकों का यह शोध क्रयिोफेयर डिस्कसन जर्नल में प्रकाशित हुआ है। इसमें चेतावनी दिया गया है कि इस शताब्दी के आखिर तक समुद्र का जलस्तर काफी बढ़ सकता है। शोध में शामिल प्रफेसर एंडी शेफर्ड ने कहा कि समुद्र के जलस्तर में मात्र एक सेंटीमीटर की वृद्धि से 10 लाख लोग निचले इलाकों से विस्थापित हो जाएंगे। 4 बेलारूस में जनता के विद्रोह के बीच नाटो और रूस के बीच तनाव गहराता जा रहा है। रूस ने बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेन्को को अपना समर्थन दिया है, वहीं नाटो देश उनका विरोध कर रहे हैं। करीब 26 साल में सत्ता पर काबिज बेलारूस के राष्ट्रपति ने आरोप लगाया है कि नाटो उनके देश में बंटवारा कराना चाहता है और उन्हें सत्ता से हटाना चाहता है। नाटो और रूस में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपने बमवर्षक विमान ब्रिटेन भेजे हैं। ये विमान करीब 120 मिसाइलों से लैस हैं और इनमें से कुछ परमाणु हथियारों से लैस हैं। 5 उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन का स्वास्थ्य एक बार फिर चर्चा में है। दावा किया गया है कि किम जोंग कोमा में हैं। यहां तक कि एक एक्सपर्ट ने यह भी दावा किया है कि किम जोंग की मौत हो गई है। इसके साथ ही इस बात की संभावना भी जताई गई है कि अब देश की कमान उनकी बहन किम यो जोंग के हाथों में सौंपी जा सकती है। अगर ऐसा हुआ तो यो जोंग दुनिया की पहली महिला तानाशाह होंगी। दरअसल, कुछ दिन पहले ही किम जोंग ने बहन को प्रमोशन दिया था जिसके बाद वह और भी ज्यादा शक्तिशाली हो गई हैं। उन्हें लेकर पहले से यह कहा जाता है कि वह तानाशाह से भी ज्यादा खतरनाक और क्रूर हैं। 6 बेलारूस में राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेन्को के खिलाफ जनता ने बगावत कर दी है। बेलारूस की जनता का आरोप है कि आम चुनाव में फर्जीवाड़ा किया गया है। लाखों की संख्या में प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति भवन के आसपास प्रदर्शन कर रहे हैं। इस जनता के प्रदर्शनों से टेंशन में आए बेलारूस के राष्ट्रपति ने देशभर में सेना को तैनात कर दिया है। यही नहीं खुद राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेन्को बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर सैनिकों के साथ नजर आए। उन्होंने अपने हाथ में असाल्ट राइफल ले रखी थी।


खबरें और भी हैं